तो क्या यातायात प्रभारी के आदेश से NH-43 पर दिन-रात चल रहा यातायात का 'वसूली' का खुला खेल....?
चेकिंग के नाम पर जनता हो रही परेशान- हाईवे में यातायात पुलिस देख तत्काल वाहन मोड़ आनन फानन मे भागते ट्रक चालक
अनूपपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर यातायात पुलिस की तैनाती इन दिनों सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि कमर्शियल वाहनों से अवैध वसूली के लिए की जा रही है। दिन हो या रात, चेकिंग के नाम पर गाड़ियों को रोककर 'एंट्री' फीस वसूली जाती है। सूत्रों के अनुसार यह सब यातायात प्रभारी के सीधे संरक्षण में चल रहा है। एक तरफ जहां शहर में शादियों के सीजन में जाम लगा रहता है वहीं पुलिस हाईवे पर वसूली में व्यस्त रहती है जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि इसकी कई बार शिकायत जनप्रतिनिधियों व वाहन मालिक व चालकों द्वारा उच्च अधिकारियों से की जा चुकी है!
भ्रष्टाचार का हाईवे जनसेवा भूल 'वसूली' में जुटी अनूपपुर फुनगा यातायात पुलिस
जनसेवा के नाम पर स्थापित की गई यातायात चौकी फुनगा अब विवादों के घेरे में है। नेशनल हाईवे 43 पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय, यातायात पुलिस पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लग रहे हैं। नियम के नाम पर लूट चेकिंग के बहाने नेशनल हाईवे पर जगह-जगह वाहन रोककर चालकों को परेशान किया जा रहा है।भय का माहौल हाईवे में यातायात पुलिस देख आनन फानन में हाईवे में ही भागते नजर आते है वाहन कभी भी हो सकती है बड़ी घटना वोही ट्रक चालकों और स्थानीय राहगीरों का आरोप है कि बिना किसी रसीद या ठोस कारण के उनसे पैसों की मांग की जाती है। तो क्या यातायात प्रभारी के आदेश से उद्देश्य से भटके नजर आ रहे यातायात पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुचारू करने के बजाय, पूरा अमला 'उगाही' के मिशन पर नजर आता है।
वसूली की 'काली डायरी' खुलते हैं नो-एंट्री के दरवाजे
यातायात विभाग में वसूली का एक संगठित और व्यवस्थित नेटवर्क काम कर रहा है जिसका दारोमदार दो 'खास' आरक्षकों के कंधों पर है। चर्चा है कि इनके पास एक 'खास डायरी' है, जिसमें रेत, गिट्टी और मिट्टी ले जाने वाले सभी भारी वाहनों के नंबर और मालिकों की सूची दर्ज है। इसी डायरी के आधार पर वाहनों से ₹5,000 से ₹8,000 प्रति वाहन तक की मासिक वसूली की जाती है। जिसने यह 'टैक्स' चुका दिया उसके लिए नो-एंट्री ज़ोन में भी 'रेड कार्पेट' बिछा दिया जाता है जबकि नियम तोड़ने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
ईमानदार कप्तान की साख पर 'बट्टा' लगाते यातायात प्रभारी - NH-43 पर अवैध वसूली बेधड़क जारी
अनूपपुर जिले के कप्तान अपनी ईमानदार और कड़क कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं लेकिन यातायात विभाग के कुछ मातहत अधिकारी और कर्मचारी उनकी छवि को धूमिल कर रहे हैं। बीते दिनों एक ड्राइवर द्वारा यातायात पुलिस पर अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसके बाद से यह चर्चा और तेज़ हो गई है। नो-एंट्री में भी भारी वाहनों का बेधड़क प्रवेश जारी है जिससे सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था खतरे में है। जनता अब सवाल पूछ रही है कि क्या ईमानदार कप्तान की नाक के नीचे चल रहा यह यातायात पुलिस द्वारा अवैध वसूली का खेल कभी रुकेगा?

No comments:
Post a Comment