अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से चार दिवसीय खेल महोत्सव, युवाओं में दिखा उत्साह
अनूपपुर(प्रकाश सिंह परिहार )- ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से कोतमा तहसील अंतर्गत मझौली में 23 से 26 फरवरी तक चार दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। परियोजना से जुड़े गांवों के 168 युवाओं ने क्रिकेट, फुटबॉल एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में उमरदा पंचायत की टीम ने कोठी ग्राम पंचायत की टीम को पराजित कर विजेता का खिताब जीता। फुटबॉल में कोठी ग्राम पंचायत की टीम ने गुलीडांड पंचायत की टीम को कड़े मुकाबले में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मझौली पंचायत की टीम ने उमरदा पंचायत की टीम को पराजित कर विजेता कप हासिल किया।
तीनों खेलों के फाइनल मुकाबले अंतिम क्षणों तक रोमांचक रहे। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान अनूपपुर थर्मल प्लेइंग इलेवन एवं सरपंच प्लेइंग इलेवन के बीच खेले गए मैत्री मैच ने सौहार्द और सामुदायिक एकता को और मजबूत किया। इस अवसर पर अदाणी समूह की ओर से साइट हेड अरुण सिंह, प्रोजेक्ट हेड राजीव गुप्ता, अनुराग सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। अदाणी फाउंडेशन द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ जर्सी सेट एवं खेल किट प्रदान की गई, वहीं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को जर्सी सेट एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अदाणी फाउंडेशन का मानना है कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ‑साथ मानसिक विकास, आत्मविश्वास और अनुशासन को भी बढ़ावा देते हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार ऐसे आयोजनों से ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। अदाणी फाउंडेशन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों का आयोजन जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment