पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग कल से- राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल करेंगे शुभारंभ
आधुनिक तकनीक और विचारधारा का संगम-AI, सोशल मीडिया और बूथ प्रबंधन पर दो दिनों तक होगा महामंथन
अनूपपुर /बिजुरी(प्रकाश सिंह परिहार)| भारतीय जनता पार्टी संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के वैचारिक शुद्धिकरण के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ष 2026 के तहत बिजुरी मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार, 20 मार्च से प्रारंभ होने जा रहा है। वार्ड क्रमांक 08, दलदल स्थित विश्वास मैरिज लॉन में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल करेंगे।
प्रथम दिन- योजनाओं और विचारधारा पर जोर
कार्यक्रम का आगाज दोपहर 3:00 बजे पंजीयन के साथ होगा। उद्घाटन सत्र के बाद राज्यमंत्री जायसवाल प्रदेश सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे। इसके पश्चात पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता वैचारिक अधिष्ठान और आधाराम वैश्य 'कार्यपद्धति' विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। रात्रि सत्र में नगर पालिका अध्यक्ष (पसान) रामअवध सिंह कार्य विस्तार की दृष्टि पर अपना उद्बोधन देंगे।
द्वितीय दिन -तकनीक और चुनावी प्रबंधन
शिविर के दूसरे दिन शनिवार 21 मार्च की शुरुआत प्रातः योग और ध्यान से होगी। इस दिन का मुख्य आकर्षण सोशल मीडिया एआई (AI) और नमो ऐप का सांगठनिक उपयोग रहेगा जिसे वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर गौतम संबोधित करेंगे। इसके अलावा अजय शुक्ला बूथ प्रबंधन व मन की बात तथा गजेन्द्र सिंह सिकरवार भाजपा के इतिहास पर अपनी बात रखेंगे।
समापन सत्र और लक्ष्य
प्रशिक्षण वर्ग का समापन शनिवार दोपहर को पूर्व जिला अध्यक्ष हनुमान गर्ग के केंद्र सरकार की उपलब्धियां विषय के साथ होगा। इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करना और उन्हें आधुनिक संचार माध्यमों (AI) से लैस करना है। मंडल स्तर के इस प्रशिक्षण में सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

No comments:
Post a Comment