Breaking

Post Top Ad

Your Ad Spot

Friday, October 30, 2026

राजेन्द्रग्राम पुलिस का नशे के काले कारोबार पर बड़ा प्रहार- 21 लाख से अधिक कीमत का 211 किलो गांजा बरामद



राजेन्द्रग्राम पुलिस का नशे के काले कारोबार पर बड़ा प्रहार- 21 लाख से अधिक कीमत का 211 किलो गांजा बरामद


अचलपुर के पास घेराबंदी कर पकड़ी गई तेज रफ्तार डस्टर कार, अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में भागा तस्कर


पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान में अनूपपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी, लावारिस वाहन से मोबाइल और पर्स भी जब्त


इंट्रो :-नशे के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ अनूपपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और करारी चोट की है।पुलिस मुख्यालय भोपाल के विशेष अभियान के तहत राजेन्द्रग्राम थाना पुलिस ने सटीक घेराबंदी कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ पकड़ा है।अमगंवा मार्ग से आ रही एक संदिग्ध डस्टर कार को रोककर पुलिस टीम ने 211 किलो 99 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।बरामद किए गए इस मादक पदार्थ और जब्त वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख 19 हजार 900 रुपये आंकी गई है।हालांकि पुलिस की दबिश पड़ते ही शातिर कार चालक अंधेरे और सन्नाटे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते भागने में सफल रहा।खाकी ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन समेत मोबाइल और पर्स जब्त कर अज्ञात तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस का केस दर्ज कर लिया है।


अनूपपुर(प्रकाश सिंह परिहार ) :-जिले में नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस कप्तान के निर्देशन में सख्त अभियान चलाया जा रहा है।इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में राजेन्द्रग्राम पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए थी।शुक्रवार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि अमगंवा की ओर से राजेन्द्रग्राम की तरफ तेज रफ्तार में संदिग्ध कारें आ रही हैं।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने ग्राम अचलपुर के पास सामरिक रूप से मुख्य मार्ग पर कड़ा नाका लगाया।संदेहास्पद डस्टर कार को रुकवाते ही चालक हड़बड़ा गया और पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए खेतों में कूद गया।पुलिस जवानों ने काफी दूर तक तस्कर का पीछा किया लेकिन रात के घने अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।


मुखबिर की सटीक सूचना और ग्राम अचलपुर के पास पुलिस की तगड़ी नाकाबंदी

थाना राजेन्द्रग्राम पुलिस को विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो गाड़ियां संदिग्ध सामान लादकर तेजी से आ रही हैं।सूचना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बरकरे ने तत्काल विशेष टीम गठित कर रवाना की।पुलिस बल ने बिना समय गंवाए ग्राम अचलपुर मुख्य मार्ग पर मोर्चा संभालते हुए आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की।कुछ ही देर में अमगंवा की दिशा से तेज रफ्तार में आती हुई डस्टर कार क्रमांक CG 16 CA 9735 दिखाई दी जिसे रोका गया।पुलिस को सामने देख वाहन चालक घबरा गया और गाड़ी को अचानक रोककर नीचे उतरते हुए खुले खेतों की ओर दौड़ पड़ा।सड़क पर तैनात सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया, किंतु घना अंधेरा होने से वह बच निकला।


 कार की तलाशी में 211 किलो गांजा, वाहन समेत 21 लाख से अधिक का माल जब्त

फरार आरोपी की घेराबंदी के बाद पुलिस टीम ने लावारिस छोड़ी गई डस्टर कार की विधिवत एवं सघन तलाशी शुरू की।गाड़ी के अंदर विशेष रूप से छिपाकर रखे गए पैकेटों की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया।तौल कराए जाने पर बरामद गांजे का कुल वजन 211 किलोग्राम और 99 ग्राम निकला, जिसे मौके पर ही जब्त किया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही डस्टर कार, चालक का एक मोबाइल फोन और उसका पर्स भी जब्त किया।जब्त किए गए मादक पदार्थ और लग्जरी वाहन की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 21,19,900 रुपये आंकी गई है।राजेन्द्रग्राम पुलिस ने तत्काल एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।


 जब्त मोबाइल और पर्स से खुलेगा तस्करों का नेटवर्क, फरार चालक की सरगर्मी से तलाश

वारदात स्थल पर छोड़ी गई गाड़ी से बरामद मोबाइल फोन और पर्स से पुलिस को अवैध नशा गिरोह के अहम सुराग मिले हैं।वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर CG 16 CA 9735 के आधार पर कार मालिक और जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है।थाना प्रभारी के अनुसार मोबाइल और पर्स में मिले दस्तावेजों की तकनीकी पड़ताल कर फरार आरोपी की पहचान पुख्ता की जा रही है।पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों, सीमावर्ती रास्तों और जंगलों में लगातार दबिश देकर आरोपी की तलाश कर रही हैं।पुलिस का दावा है कि मादक पदार्थ की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था, इसका जल्द खुलासा होगा।मामले की विस्तृत विवेचना करते हुए नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर संलिप्त आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।


एसडीओपी के मार्गदर्शन में टीम की तत्परता सराहनीय, अभियान जारी रखने का संकल्प

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में पुष्पराजगढ़ एसडीओपी दीपक सिंह मरावी का कुशल मार्गदर्शन रहा।इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बरकरे सहित उनकी पूरी टीम ने उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।कार्रवाई में सउनि दीपचंद बर्मन, सउनि अवधलाल अहिरवार और सउनि आनंद प्रकाश बेक की सराहनीय और सक्रिय भूमिका रही।इसके साथ ही प्र.आर. धीरज तिलगाम, आर. प्रवीण अचाले, राकेश कुमार, मोती सिंह, दोलू मईढ़ा और म.आर. रितु अहिरवार शामिल रहे।टीम के आरक्षक रविशंकर मरावी और पारस जामोद ने भी घेराबंदी और कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दियापुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के समूल खात्मे तक यह सघन अभियान अनवरत जारी रहेगा।


No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Your Ad Spot

Pages