देश की पहली डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, कलेक्टर ने दिया प्रशिक्षण
अनूपपुर(प्रकाश सिंह परिहार )। आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं गणना) को त्रुटिरहित संपादित करने हेतु कलेक्ट्रेट के सोन सभागार में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण डाटा प्रक्रिया है, इसे पूरी गंभीरता से लें ताकि आगामी कार्यों में कोई त्रुटि न हो।
मई 2026 से शुरू होगा प्रथम चरण
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना 2027 दो चरणों में होगी। प्रथम चरण 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मकानों की सूची तैयार की जाएगी। दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें वास्तविक जनसंख्या गणना की जाएगी।
पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया
सांख्यिकी अधिकारी महेन्द्र यादव ने बताया कि यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इसमें डेटा संकलन हेतु मोबाइल ऐप और स्व-गणना पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। पूरे कार्य की रियल टाइम मॉनीटरिंग 'जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली' पोर्टल के जरिए की जाएगी।प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय सहित जिले के सभी अनुविभागीय एवं चार्ज जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment