सोशल मीडिया की दोस्ती पड़ी भारी-बिजुरी पुलिस ने लापता नाबालिग को जबलपुर से छुड़ाया, आरोपी युवक गिरफ्तार
अनूपपुर(प्रकाश सिंह परिहार)।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर हुई दोस्ती के झांसे में आकर लापता हुई एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बिजुरी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जबलपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मौके से बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
12 जून की रात से लापता थी नाबालिग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बिजुरी क्षेत्र के एक फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री बीती 12 जून की रात को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों को आशंका थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध क्र. 210/2026, धारा 137(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सायबर सेल की मदद से जबलपुर में मिली लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।विवेचना के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि नाबालिग लड़की इंस्टाग्राम पर एक युवक के संपर्क में थी और उसी के बहकावे में आकर घर से निकली थी। इसके बाद बिजुरी पुलिस ने सायबर सेल की मदद ली। मोबाइल टावर लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद पुलिस टीम ने जबलपुर के बेलखेड़ा में दबिश दी। वहां से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया और मौके से आरोपी प्रदीप महरा निवासी दमोह को हिरासत में ले लिया गया। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
अभिभावकों से अनूपपुर पुलिस की विशेष अपील
इस घटना के परिप्रेक्ष्य में अनूपपुर पुलिस ने आम जनता और विशेषकर माता-पिता से अपील की है कि
अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सतर्क रहें।
बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट्स (जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक आदि) की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखें।
बच्चों को जागरूक करें कि वे डिजिटल दुनिया में अनजान और अपरिचित लोगों से दोस्ती न करें।
किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या बदलाव दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस संवेदनशील मामले को सुलझाने और त्वरित कार्रवाई करने में बिजुरी थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, सउनि प्रदीप अग्निहोत्री, आरक्षक मनोज उपाध्याय, महिला आरक्षक संगम तोमर तथा सायबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार एवं आरक्षक पंकज मिश्रा की उल्लेखनीय और सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment